बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली, उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 14 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए जनपद न्यायाधीश, शमसुल हक की ओर से जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की प्री-ट्रायल बैठक सोमवार को आहूत की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जनपद न्यायाधीश ने प्रशासनिक अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश दिए। जनपद न्यायाधीश ने राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाई।
जनपद न्यायाधीश ने कहा गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों का सुलह समझौता के आधार पर निस्तारण किया जाए। नोडल अधिकारी जेबा मजीद ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च को जनपद न्यायालय, कलक्ट्रेट मुख्यालय एवं समस्त तहसील मुख्यालयों में किया जाएगा।