बस्ती। जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करने पहुंची साइंस एक्सप्रेस का
शनिवार को पहले दिन स्कूली बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोगों अवलोकन किया।
16 कोच की वातानुकूलित इस विशेष ट्रेन में मॉडलों के आधार पर जलवायु
परिवर्तन के प्रभाव और बचाव के उपाय दर्शाए गए हैं।
प्लेटफार्म
नंबर एक पर खड़ी इस साइंस एक्सप्रेस ट्रेन में लगी प्रदर्शनी को देखने के
लिए स्कूली बच्चों में विशेष उत्साह दिखा। प्लेटफार्म पर कतार में खड़े
होकर कोच में घुसने के लिए छात्रों ने इंतजार किया।
अंदर पहुंचने
पर उनके शिक्षकों के साथ ही ट्रेन के अंदर मौजूद प्रोजेक्ट सहायकों ने
छात्र-छात्राओं को जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग से धरती के जीवों के
लिए उत्पन्न हो रहे खतरों से आगाह कर उनको बचाव के तरीकों की जानकारी दी।
सरस्वती
शिशु मंदिर सहित अन्य स्कूलों के बच्चों ने प्रदर्शनी में दिखाए चीजों के
साथ ही कोच में उपस्थित गाइडों के द्वारा बताए बातों को काफी गंभीरता से
सुना। कुछ ने इसको नोट भी किया। नवोदय विद्यालय की अंशिका, अनुराधा चौधरी
ने कहा कि इस ट्रेन के माध्यम से हमें पर्यावरण के बारे में बहुत सी नई
जानकारियां हासिल हुई हैं।
किस कोच में क्या है खास
साइंस
एक्सप्रेस के 16 कोच में से 8 कोच पर भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं
जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा प्रदर्शनी लगी है। इसमें जलवायु परिवर्तन
के विविध पहलुओं पर सूचना, केस अध्ययन, समस्याओं पर आधारित जानकारी दी गई
है। इसमें विषय का बुनियादी ज्ञान, जलवायु प्रभाव, अनुकूलन गतिविधियों,
अल्पीकरण के समाधान, नीतियों क दृष्टिकोण को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत
किया गया है। कोच 9-11 तक में भारत सरकार के विज्ञान व प्रौद्योगिकी और जैव
प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जानकारी दर्शित है।
किड्स जोन में बच्चों ने बिताया अधिक वक्त
कोच
में कक्षा तीन से पांच तक के बच्चों के लिए किड्स जोन नामक एक कोच है। इस
कोच में छात्रों को दिमागी कसरत कराने वाले एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक
करने वाले खेल, विज्ञान एवं गणित के मॉडल्स दिखाए गए हैं।
सांसद ने कहा बस्ती वासियों के लिए विशेष अवसर
सांसद
हरीश द्विवेदी ने साइंस एक्सप्रेस में लगी प्रदर्शनी का सुबह दस बजे
उद्घाटन किया। सांसद ने कहा कि यह बस्ती वासियों के लिए गौरव की बात है कि
जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए यह ट्रेन यहां पर
पहुंची है। प्रदेश के कुछ ही जिलों में यह विशेष ट्रेन गई है जिसमें बस्ती
भी शामिल है। कंप्यूटर और डेमो के माध्यम से जलवायु परिवर्तन के प्रति
लोगों को सचेत करने के लिए जो जानकारी दी जा रही है लोगों को इसका लाभ
उठाना चाहिए।
इस मौके पर रेलवे के स्पेशल ड्यूटी अधिकारी एके
श्रीवास्तव, एरिया मैनेजर जेपी सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एसके
सिंह, वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार, स्टेशन अधीक्षक ओपी त्रिपाठी,
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी एके श्रीवास्तव, सहायक वैज्ञानिक अरुण
कुमार श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र, प्रमोद पांडेय, आलोक
पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सुबह दस बजे से शाम के पांच बजे तक खुली है प्रदर्शनी
साइंस
एक्सप्रेस ट्रेन के प्रोजेक्ट मैनेजर राघव पांड्या ने बताया कि प्रदर्शनी
को देखने का समय सुबह दस बजे से शाम के पांच बजे तक नियत है। ट्रेन में आने
वालों को मोबाइल फोन, कैमरा, बैग, माचिस, सिगरेट, बीड़ी, तंबाकू, पानी की
बोतल, किसी भी प्रकार के तरल पदार्थ, नुकीली वस्तु लेकर आने की मनाही है।