शौच को निकली किशोरी को अगवा करने का प्रयास
रुधौली (बस्ती)। रुधौली थानाक्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए खेत की तरफ एक निकली एक किशोरी को दो बाइक सवार बदमाशों ने अगवा करने का प्रयास किया। किशोरी ने सूझबूझ व हिम्मत से न सिर्फ बदमाशों के चंगुल से खुद को छुड़ाया बल्कि उन्हें भागने पर मजबूर कर दिया।
थानाक्षेत्र के एक गांव की किशोरी शनिवार को गांव के दक्षिण सिवान में शौच के लिए गई थी। किशोरी के मुताबिक सुनसान देख पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो युवकों ने उसके सिर पर चोट मारकर दोनों हाथ पकड़ कर दुपट्टे से बांध दिया। बदमाश पॉलिथीन से कुछ निकालकर उसे खिलाने का प्रयास करने लगे। एक बदमाश उसका पकड़ रखा था और दूसरा बाइक लेने गया। इसी बीच मौका देख किशोरी ने बदमाश के हाथ में दांत से काट लिया। इसके बाद खुद को छुड़ाकर शोर मचाते हुए घर पहुंची और बेहोश हो गई। परिजनों ने आननफानन में डायल 100 व 108 पर कॉल किया, मगर मौके पर न तो पुलिस पहुंची और न एंबुलेंस। ऐसे में परिजन ने निजी वाहन से बेहोश किशोरी को सीएचसी रुधौली पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज कर पीड़िता को घर भेज दिया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने युवती व परिजनों से जानकारी ली। डॉक्टरों ने पॉलिथीन में रखे पदार्थ के संबंध में जहर होने का अंदेशा जताया है। इस घटना को लेकर भय व्याप्त है। थानाध्यक्ष रामपाल यादव ने बताया कि घटना के बारे जानकारी है, लेकिन पीड़ित पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।