जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष के साथ हुई घटना
गैस एजेंसी का बिल बकाया होने का झांसा देकर ठगी करने की कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। साइबर अपराधियों ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष के ग्रीन गैस एजेंसी का बिल बकाया होने के नाम पर धोखाधड़ी करने की कोशिश की। प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष अमरजीत ने तहरीर में बताया है कि 26 जून 2024 की शाम उनके व्यक्तिगत मोबाइल नंबर पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को ग्रीन गैस एजेंसी का बताते हुए अपना नाम अभिषेक बताया। उसने कहा कि आपके लखनऊ स्थित आवास का ग्रीन गैस का बिल जून 2024 का अपडेट नहीं है। न्यायाधीश ने बताया कि गैस बिल की धनराशि 1084 रुपये तीन जून को ही जमा किया जा चुका है। इसके बाद भी जालसाज बार-बार फोन पर दबाव बनाने लगा।
जब उन्होंने खुद को जिला जज/ अध्यक्ष जिला उपभोक्ता आयोग बताया तो जालसाज ने फोन काट दिया। न्यायाधीश ने तहरीर में कहा कि इसी तरह ऐसे लोग फोन कर लोगों से ठगी कर रहे हैं। कोतवाल विजय कुमार दुबे ने बताया कि फोन करने वाले आरोपी अभिषेक, ग्रीन गैस एजेंसी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।