बभनान,बस्ती। नगर पंचायत बभनान के महागौरी नगर में स्थित कबीर धर्मशाला में लग्जरी गाड़ियों से पहुंचे 12 से अधिक लोग भवन का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद वहां बिस्तर, बर्तन, राशन रखकर अपने रहने का इंतजाम करने लगे। ताला टूटने की खबर धीरे-धीरे पूरे कस्बे में फैल गई और वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। भवन में घुसे लोगों का स्थानीय लोग यह कहते हुए विरोध करने लगे कि अनजान लोग आखिर धर्मशाला की कमेटी से पूछे बिना ताला तोड़कर अंदर कैसे घुस गए।
जबकि बाहर से आए लोग अपने आप को कबीरपंथी बता रहे थे। बाद में बभनान कस्बे के राम धीरज वर्मा, राजेश कसौधन, करमचंद, सत्यनारायण पटवा आदि लोगों ने गौर पुलिस को तहरीर दिया। जिसके बाद चौकी प्रभारी बभनान धर्मेंद्र कुमार तिवारी व प्रभारी निदेशक गौर सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग की भीड़ वहां जुट गई। मौके की नजाकत को भांप कर स्थानीय पुलिस ने उन लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया। तब जाकर मामला शांत हुआ। प्रभारी निरीक्षक गौर रामकुमार राजभर ने बताया कि बाहर से आए लोग अपने आप को कबीरपंथी बता रहे थे और धर्मशाला अपने पंथ का होने का दावा कर रहे थे। कस्बे के लोग उसे अपने समिति का होना बता रहे हैं। उन्हें समझा बुझा कर हटा दिया गया है। होली बाद मामले का निस्तारण किया जाएगा।