दुष्कर्म के फरार आरोपी के घर की कुर्की
नगर बाजार (बस्ती)। थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले दुष्कर्म के फरार आरोपी के घर पर बुधवार को पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश पर नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने पुलिसकर्मियों के साथ आरोपी नूरूल हसन के घर जाकर लाउडस्पीकर से न्यायालय के आदेश से लोगों को अवगत कराया।
पुलिस ने घर में रखी बाल्टी, बर्तन, बाक्स, लालटेन, आटा, चावल, दीवार घड़ी, चारपाई, सीलिंग फैन, साइकिल, रूम हीटर, सिलिंडर, गैस चूल्हा, ड्रम समेत घर का अन्य सामान जब्त कर लिया।
नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने नगर पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी नूरूल हसन ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पर दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर तलाश रही थी। कई माह बीतने के बाद भी उसका पता नहीं चला और न ही वह हाजिर हुआ। पुलिस ने न्यायालय के आरोपी के घर की कुर्की की अनुमति मांगी। न्यायालय ने नगर पुलिस को 16 अगस्त को आदेश दिया कि फरार आरोपी के घर की कुर्की कर उसका सारा सामान जब्त करे लें। थाना प्रभारी ने बताया कि कुर्की के दौरान आरोपी के पिता के अलावा आसपास के लोग भी मौके पर मौजूद रहे।