कैश की आस लिए लाइन में लगे लोगों के लिए सोमवार का दिन भी निराश करने वाला रहा। कड़ाके की ठंड में कुछ देर लाइन में खड़े होने के बाद पता चला कि एटीएम आज भी सेवा नहीं देगा। ऐसे में लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। शाम पांच बजे तक बस्ती शहर में कोई भी एटीएम चालू नहीं दिखा।
लगातार सेवायें देने वाला कंपनी बाग स्थित एचडीएफसी के एटीएम भी लगातार तीन दिन से खामोश है। उसके बाहर लोग लाइन लगाकर इस उम्मीद में खड़े हो गए कि इससे तो रकम मिलेगी ही, मगर उन्हें लगातार तीसरे दिन भी निराश होना पड़ा।
रोडवेज तिराहे के पास एसबीआई का एटीएम, कोतवाली के पास आईसीआईसीआई, रोडवेज के निकट स्थित ओरियंटल बैंक आफ कामर्स का एटीएम, जिला अस्पताल के निकट यूनियन बैंक आफ इंडिया का एटीएम भी बंद रहा। शहर के कंपनी बाग स्थित एसबीआई की कोर्ट एरिया शाखा का एटीएम हमेशा की तरह सोमवार को भी बंद रहा। कटरा और गांधीकला भवन के पास स्थित एसबीआई के एटीएम का भी यही हाल रहा। पीएनबी का फौव्वारा तिराहा स्थित एटीएम कई दिन से लगातार बंद चल रहा है। एपीएन पीजी कॉलेज के पास स्थित सेंट्रल बैंक का एटीएम, आईसीआईसीआई का कंपनीबाग, गांधीनगर, कटरा स्थित एटीएम भी बंद रहा। एक्सिस बैंक, आंध्रा बैंक, न्याय मार्ग स्थित यूनियन बैंक, अरबन कोआपरेटिव बैंक के एटीएम भी कैशलेस रहा।
सल्टौआ प्रतिनिधि के अनुसार एसबीआई सल्टौआ में लगा एटीएम उपभोक्ताओं के लिए बेमतलब साबित हो रहा है। पिछले एक सप्ताह से एटीएम बंद चल रहा है। कस्बे के कृपाशंकर, दिनेश दुबे, मनीष, चंद्रभान, रामनिधि, भोला, माधव, रवि कुमार, प्रमोद, बालगोविंद, बाल गोपाल शुक्ल, चक्रपाणि पांडेय, विमल ने कहा कि बैंक और एटीएम दोनो बंद होने से परेशानी बढ़ गई है। बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के सिंडीकेट, एसबीआई के एटीएम नोट बंदी के बाद से मात्र तीन दिन ही एटीएम चला है। इश्तियाक अहमद ने बताया कि कैश न मिलने के कारण ईद मिलादुन्नबी का त्यौहार उनके लिए फीका रहा। अजय शुक्ल ने बताया कि नोटबंदी से सरकार की फजीहत हो रही है।
बहादुरपुर प्रतिनिधि के अनुसार नगर बाजार में लगे भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई के एटीएम सप्ताह भर से कैशलेस है। कुसौरा बाजार में एसबीआई और कलवारी में पीएनबी और पोखरा बाजार में लगे एसबीआई के एटीएम बंद है। क्षेत्र के राजाराम, विकास आदि ने कहा कि एटीएम शोपीस बन गए हैं।