अतिक्रमण की चपेट में धर्मशाला रोड़
- नाले पर बन गई हैं दुकानें, अतिक्रमण हटाओ अभियान असफल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर की प्रमुख सड़क धर्मशाला रोड अतिक्रमण की चपेट में है। यहां नाले पर दुकानें बन गईं हैं। वहीं कुछ स्थानों पर रोड़ की पटरियों पर भी सामान आदि रखकर कब्जा कर लिया गया है। इससे राहगीरों को दिक्कतें हो रही है। अतिक्रमण हटाओ अभियान भी यहां बेनतीजा साबित हो रहा है।
शहर के बाहर से गांधीनगर पहुंचने वालों की बहुत बड़ी तादाद है। शार्टकट होने के कारण अयोध्या-गोरखपुर फोरलेन से अधिकांश वाहन ब्लॉक रोड होकर प्रमुख व्यापारिक केंद्र गांधीनगर पहुंचते हैं। धर्मशाला रोड पर पहुंचते ही उन्हें जाम से जूझना पड़ता है। यहां दोनों तरफ की नालियाें पर अतिक्रमण कर लिया गया है। बकायदे दुकानें स्थापित हैं और अवैध पार्किंग के कारण पूरी सीसी सड़क पतली गली में तब्दील हो चुकी है।
यहां के नागरिक विनोद कुमार सिंह, राम प्रकाश, हरमिंदर, संजय, शैलेंद्र व अन्य लोगों ने बताया कि कई बार इसे अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर पालिका प्रशासन से कहा गया और तहसील दिवस से लेकर उच्च प्रशासिनक अधिकारियों को पत्र दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
---
अतिक्रमण हटाने के लिए चलेगा अभियान
ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान जल्द शुरू किया जाएगा। कोई भी अवैध कब्जा किसी भी हाल में नहीं होने दिया जाएगा।