एक ही काम का चार बार भुगतान लेने का आरोप
- कुदरहा ब्लॉक के माधवपुर में नाली निर्माण का मामला
- आयुक्त व डीएम सहित अन्य अधिकारियों से की गई शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुदरहा। माधवपुर ग्राम पंचायत में वर्ष 2013-14 में बनी नाली का चार बार नाम बदलकर 2.08 लाख का भुगतान का कराने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। इसकी शिकायत मंडलायुक्त, डीएम व अन्य अधिकारियों से की है।
ब्लॉक के ग्राम पंचायतों में आए दिन निर्माण कार्य पर ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। ग्राम पंचायत माधवपुर के राजस्व ग्राम अमरौना में वर्ष 2013-14 में बुझावन के घर के सामने से सेमरहिया तालाब तक नाली का निर्माण कराया गया था। जबकि इसी काम का नाम बदलकर पिछले वर्ष सतिराम के घर से सरकारी नाले तक रख 76,894 रुपये का भुगतान कराया गया है। यही नहीं इसी नाली का फिर से सुरेमन के घर से सरकारी नाले तक नाली निर्माण के नाम पर 51,262 रुपये फिर भुगतान कराया गया है।
फिर कोमल के घर से सरकारी नाले तक नाली निर्माण के नाम पर 25,844 रुपये का भुगतान लिया गया है। फिर से इसी का नाम कोमल के घर के सामने तालाब तक नाली निर्माण के नाम पर 54,510 रुपये भुगतान लिए गए हैं। इसकी शिकायत शपथ पत्र के साथ गांव निवासी रमेश, राजाराम एवं श्रीराम आदि ने की है।
कोट
नाली निर्माण में कई बार भुगतान कराने की शिकायत की गई है। टीम बनाकर जांच कराई जाएगी। अगर गड़बड़ी मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गलत ढंग से लिए गए भुगतान को वापस कराया जाएगा। - वर्षा बंग, बीडीओ, कुदरहा