बीच-बचाव करने गई गर्भवती महिला व उसके पति को भी पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी
छावनी। छावनी थाना क्षेत्र के धिरौली बाबू गांव में केला बेचने गए ठेला वाले को मनबढ़ों ने मारपीट का घायल कर दिया। उसे पिटते देख बीच-बचाव करने पहुंचे दंपती को भी पीट दिया। मारपीट में घायल गर्भवती महिला व दोनों युवकों को एंबुलेंस से सीएचसी विक्रमजोत ले जाया गया, जहां से अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, इसी थाने के धौरहरा निवासी राजेश चौहान धिरौली बाबू गांव में ठेले पर केला बेचने गया था। इस दौरान कुछ मनबढ़ों ने उसके ठेले से केला उठाकर खा लिया। उसके आपत्ति करने पर मस्तराम, मेवालाल, राजू और कन्हैया उससे मारपीट करने लगे। ठेले वाले को पिटता देख गांव निवासी बबलू चौहान व उनकी गर्भवती पत्नी संगीता बीच-बचाव करने गईं तो उक्त लोगों ने उन दोनों को भी पीट दिया।
गर्भवती होने की वजह से संगीता की हालत बिगड़ने लगी। सूचना पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को सीएचसी विक्रमजोत भिजवाया गया। थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।