नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र के टेमा चौराहे के पास लुंबिनी-दुद्धी मार्ग के किनारे गिराई जा रही राख राहगीरों और ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। तेज हवा और वाहनों की आवाजाही से राख उड़कर लोगों की आंखों में पड़ रही है।
इससे आंखों में जलन, खुजली और पानी आने की शिकायतें बढ़ रही हैं। आसपास के घरों में भी राख पहुंचने से लोगों को दिक्कत हो रही है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सारिब सुहेल का कहना है कि राख आंख में जाने से चुभन होती है, लाल हो जाती है। ऐसे में सावधानी बरते। ईओ कीर्ति सिंह ने बताया कि राख गिराने की जानकारी हुई है। इसकी जांच कराई जा रही है।
इस मार्ग से अंबेडकरनगर, वाराणसी, बलिया, आजमगढ़, टांडा, अकबरपुर, प्रयागराज, कलवारी और कुसौरा समेत आसपास के गांवों व कस्बों के लोगों का दिनभर आवागमन होता है। वाहनों के गुजरने से सड़क किनारे पड़ी राख का गुबार उठता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। हादसे की आशंका बनी रहती है।
राहगीर, अमरजीत, मोहित सिंह, अजय कुमार का कहना है कि हवा के साथ राख घरों के दरवाजों और खिड़कियों से अंदर पहुंच रही है। इससे खाने-पीने की चीजें भी दूषित हो रही हैं। घरों में रहने वाले बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है।
लोगों ने निर्माण कार्य में राख के बजाय मिट्टी या अन्य सुरक्षित सामग्री का इस्तेमाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि राख का इस्तेमाल जरूरी है तो नियमित पानी का छिड़काव कराया जाना चाहिए, ताकि धूल न उड़े। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।