बच्चे की जांच करते चिकित्सक डॉ. अजय सिंह संवाद
बस्ती। तापमान में गिरावट से बच्चे और बुजुर्ग सांस संबंधी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। गुलाबी ठंड शुरू हो गई है। सुबह-शाम की ठंड, दिन में गर्मी और प्रदूषण से बच्चों में निमोनिया और गले में सूजन के लक्षण मिल रहे हैं। बुजुर्ग सांस फूलने और खांसी की समस्या से परेशान हैं। जिला अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में रोजाना 120 से अधिक बच्चे पहुंच रहे हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रामललित चौधरी के अनुसार, तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव से बच्चों में वायरल संक्रमण और एलर्जिक ब्रोंकाइटिस की समस्या बढ़ रही है। ओपीडी में आने वाले बच्चों में करीब 70 प्रतिशत में ब्रोंकाइटिस और निमोनिया के लक्षण मिल रहे हैं। डायरिया, बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम और सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर बच्चे पहुंच रहे हैं। इनमें रोजाना औसतन पांच से छह बच्चों को भर्ती करने की जरूरत पड़ रही है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एके सिंह ने बताया कि दिवाली के बाद से प्रदूषण का स्तर बढ़ने का असर भी बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल में बच्चों के उपचार के लिए आईसीयू और पीआईसीयू को अलर्ट किया गया है। मौसम में बदलाव के दौरान नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल जरूरी है।
ं