नगर बाजार (बस्ती)। नगर पुलिस ने चोरी की बाइक व मोबाइल के साथ एक शातिर को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद ने बताया कि दो दिन पहले थाना क्षेत्र से बाइक चोरी की घटना की छानबीन में जुटी पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे थे। टीम ने शनिवार को झिरझिरिया पुलिया के पास से आरोपी संदीप वर्मा को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक व मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी संदीप के खिलाफ आंबेडकरनगर जनपद के महरुआ थाने में दुष्कर्म, पॉक्सो व अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है।
पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज थाने के ऐंठी निवासी रुद्रनरायन त्रिपाठी ने तहरीर देकर बताया कि चार मई की रात में वह अपनी बाइक लेकर नगर थाने के पोखरा टोला बनकटिया निवासी मित्र रामसजीवन पांडेय की बेटी की शादी में शामिल होने गए थे। जहां आरकेस्ट्रा हो रहा था, बाइक को वहीं खड़ी कर दी थी। बाइक की डिकी में उन्होंने मोबाइल फोन रखा था। रात करीब दो बजे देखने पर पता चला कि बाइक गायब है। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई।
छानबीन में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुखबिर की सूचना पर शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे नगर थाने के झिरझिरवा पुलिया के पास से चोरी की बाइक के साथ आरोपी संदीप निवासी ग्राम करमी थाना दुबौलिया को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी की बाइक और उसकी जेब से मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।