चोरी की ट्रैक्टर-ट्राली बरामद,दो गिरफ्तार
- कोतवाली व स्वॉट पुलिस ने की धरपकड़
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। फोरलेन के किनारे स्थित मूड़घाट से चोरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस ने बरामद कर लिया। चोरी करने के आरोप में दो को गिरफ्तार किया है। एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि कोतवाली व स्वॉट टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से मेडिकल कॉलेज रोड जगदीशपुर पोखरा के पास से चोरी के वाहन के साथ पकड़ा।
जिनमें कोतवाली क्षेत्र के भैसहिया निवासी आकाश गिरि उर्फ कल्लू व मोहम्मद गुलाम शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि 13/ 14 नवंबर की रात मुड़घाट हाइवे पर सड़क के किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी किए थे। रात में ही ट्रॉली थोड़ी दूर लेे जाकर सड़क के किनारे खड़ा करके एक दिन बाद ट्रैक्टर नगर थाने के पिपरा गौतम गांव में नहर के किनारे खेत में खड़ा कर दिया था।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात में ट्रैक्टर व ट्राली बेचने के लिए दोनों निकले थे। दोनों को दबोच लिया गया। टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामपाल यादव, स्वाट टीम प्रभारी विनोद कुमार यादव, सर्विलांस प्रभारी जितेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी बड़ेबन जनार्दन प्रसाद, स्वॉट के कांस्टेबल मनिन्द्र प्रताप चन्द्र, अभिषेक तिवारी, रमेश गुप्ता, देवेन्द्र निषाद, कोतवाली के सिपाही संजय कुमार गुप्ता, हरेन्द्र यादव, शिव प्रसाद गौड़ शामिल रहे।