19 गोवंशीय पशु मुक्त कराए, एक तस्कर गिरफ्तार
बड़ेवन टोल प्लाजा के पास से पुलिस ने पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली पुलिस ने फोरलेन पर बड़ेवन टोल प्लाजा के पास रविवार तड़के गोवंशीय पशुओं से लदा डीसीएम पकड़ा। अंदर 19 पशु बरामद किए गए। एक तस्कर भी पकड़ा गया है। जो अयोध्या के गोसाईगंज थाने के रेडवलिया टोला निवासी रामू निषाद निकला।
कोतवाल रामपाल यादव ने बताया कि डायल-112 से मिली सूचना मिलने पर घेराबंदी कर टोल प्लाजा मड़वानगर व पटेल चौक के बीच डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया। कोतवाल ने बताया कि आरोपी अयोध्या व उसके सीमा पर लगे जनपदों से पशुओं को एकत्र करके बिहार राज्य में सिवान जिले से 15 किमी पहले हुक्का टोला के पास बाजार में बेच देते हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम में कोतवाल के अलावा एसएसआई अरविंद कुमार शाही, चौकी प्रभारी बड़ेवन जनार्दन प्रसाद, एसआई रामकृपाल पाण्डेय, शिवमूर्ति सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश यादव, कांस्टेबल सत्येन्द्र भारती, मनोज, हरिप्रकाश, डायल-112 के हेड कांस्टेबल हरीराम यादव, कांस्टेबल विजय यादव, इन्द्रदेव यादव शामिल रहे।