सीओ हर्रैया ने दी जानकारी, पांच हजार का घोषित था इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर (बस्ती)। भोली-भाली महिलाओं को कार में बैठाकर सामान चुराने वाले इनामी बदमाश को गौर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बभनान स्थित नवीन सब्जी मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी कार बरामद कर ली गई है।
सीओ हर्रैया शेषमणि उपाध्याय ने मंगलवार को गौर थाने पर प्रेस वार्ता में बताया कि पकड़ा गया बदमाश मूलरूप से सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उमरहर निवासी शिवकुमार है। वर्तमान में यह गोंडा जिले के खोडारे थाना क्षेत्र के चंद्रदीप घाट में रहकर कार में सवारी बैठाने के नाम पर महिलाओं के साथ धोखाधड़ी कर सामान व जेवर चुराने का काम करता था। घटना के बाद महिलाओं को अनजान जगह छोड़कर फरार हो जाता था।
18 सितंबर को गौर थाना क्षेत्र के महुआ डाबर गांव की रीता सिंह ने गौर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कार चालक ने सवारी के बहाने अपनी गाड़ी में बैठा लिया और इधर-उधर घुमाते हुए कुछ दूर ले गया। इसके बाद बैग, पैन कार्ड, सोने के जेवर, मोबाइल, पासबुक, आधार कार्ड व पांच हजार रुपये चुरा लिए। गौर पुलिस ने महिला की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ चोरी सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। तभी से पुलिस सक्रिय हो र्गई। मंगलवार को पांच हजार के इनामी शिवकुमार को प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता, चौकी प्रभारी बभनान अरविंद कुमार यादव, उप निरीक्षक जगन्नाथ यादव, कांस्टेबल गौरव यादव, राजू प्रसाद, जीतेंद्र यादव एवं सर्विलांस सेल के कांस्टेबल जनार्दन, हिंदे आजाद, संतोष यादव, सत्येंद्र सिंह ने वांछित को चेकिंग के दौरान कार सहित धर दबोचा। अभियुक्त के पास से तमंचा, कार, सोने के जेवर, पासबुक,पैन कार्ड आदि बरामद हुआ है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।