नगर बाजार क्षेत्र की घटना, पति रहता है विदेश
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। पोखरा बाजार में सोमवार की रात 30 वर्षीय विवाहिता का शव छत में लगे पंखे की कुंडे के सहारे दुपट्टे से लटका मिला।
पोखरा बाजार निवासी राकेश विदेश रहता है। उसकी पत्नी अनीता परिवार के साथ घर पर रहती थी। परिवार वालों ने बताया कि सोमवार की रात खाना खाकर वह अपने कमरे में सोने चली गई। कुछ देर बाद मोबाइल पर पति से बात कर रही थी। बात करते-करते दोनों में किसी बात को लेकर कुछ कहासुनी हुई। उसके कुछ देर बाद मामला शांत हो गया।
काफी देर तक जब बहू की आवाज सुनाई नहीं दी तो परिजनों ने आवाज दी। मगर, कोई जवाब न मिलने पर परिजन बगल के झरोके से अंदर देखे तो उसका शव पंखे के कुंडे से लटक रहा था। परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोलकर दुपट्टे को काटकर नीचे उतारा। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। इसी बीच सूचना पाकर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह पहुंच गए और शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने बताया कि राकेश की शादी 2017 में कप्तानगंज क्षेत्र के अवस्थीपुर निवासी अनीता पुत्री मुन्नीलाल के साथ हुई थी। उसकी दो बेटियां छह वर्षीय मांशी व तीन वर्षीय कृति है।