आरएसओ और खिलाड़ियों के बीच कहासुनी
बस्ती। क्षेत्रीय क्रीड़ा स्टेडियम में बृहस्पतिवार को आरएसओ और कुछ खिलाड़ियों के बीच समय से स्टेडियम खोलने के लिए कहासुनी हो गई। खिलाड़ियों का कहना था कि कुछ लोगों को प्रैक्टिस करने की छूट मिली है तो उन्हें क्यों रोका जा रहा है। वहीं आरएसओ ने शासन के निर्देश का हवाला देकर मैदान खोलने से इनकार कर दिया।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शासन ने स्टेडियम में खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी। इससे खिलाड़ी और शौकिया स्वास्थ्य लाभ लेने वालों के लिए मुश्किलें पैदा हो रही हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब 7.45 बजे बैडमिंटन हॉल में कुछ लोगों को देखकर अन्य खिलाड़ी भी स्टेडियम पहुंच गए। वे स्टेडियम में प्रैक्टिस करने की अनुमति मांगने लगे। उस पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने शासन के निर्देश का हवाला देते हुए मना कर दिया।
बब्लू पाल, डब्लू पाल, वीर बहादुर सिंह, परमात्मा शुक्ला, लालन पांडेय, शौर्य प्रताप सिंह और आलोक पांडेय ने बताया कि कुछ लोगों को प्रैक्टिस करने की अनुमति दी जा रही है, जब हमने मांगा तो आरएसओ ने मना कर दिया। आरएसओ ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ही स्टेडियम का संचालन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार सुबह कुछ लोगों ने स्टेडियम खोलने के लिए गलत व्यवहार किया, जिसकी जानकारी सक्षम अधिकारियों के संज्ञान में लाई जा रही है।