प्रेस क्लब में आकिटेक्ट एसोसिएशन ने बैठक के बाद प्रेस वार्ता की।
- फोटो : BASTI
बीडीए के खिलाफ गरजे ऑर्किटेक्ट व इंजीनियर
बीडीए ने 23 ऑर्किटेक्टों के खिलाफ जारी किया है नोटिस
बस्ती। बीडीए सचिव ने पिछले दिनों बस्ती विकास प्राधिकरण के 23 आर्किटेक्ट व इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई का नोटिस जारी किया तो आर्किटेक्ट भी तेवर में आ गए है। मंगलवार को प्रेसक्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में बीडीए को सचेत किया है कि नोटिस वापस नहीं लिया गया तो कार्य बहिष्कार कर वे न्यायालय की शरण लेंगे।
एसोसिएशन ऑफ प्रोफेशनल ग्रेजुएट सिविल इंजीनियर्स के बैनर तले एकजुट आर्किटेक्ट व इंजीनियरों ने आरोपों का खंडन करते हुए बीडीए को ही भ्रष्टाचार में लिप्त बताया। सप्ताहभर पहले तीन अगस्त को बीडीए सचिव गुलाब चंद्र ने आर्किटेक्टों पर भवनों के मानचित्रों को ऑनलाइन कराने में लेटलतीफी, भवन स्वामियों को धीमी गति से निर्माण कराने के लिए गुमराह करने व बगैर मानचित्र स्वीकृत हुए भवन निर्माण को संरक्षण प्रदान करने सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए नोटिस जारी किया था।
नोटिस से नाराज आर्किटेक्टों ने एक स्वर में कहा कि बगैर साक्ष्य के गंभीर आरोप लगने से उनकी साख और पेशे को नुकसान पहुंचा है। चेतावनी दी कि बीडीए या तो साक्ष्य सार्वजनिक करे या फिर आरोपों का खंडन करे। ऑर्किटेक्ट सुधीर कुमार श्रीवास्तव, सुरभि सिंह, अमरेंद्र कुमार श्रीवास्तव और संजय कुमार मिश्रा आदि ने बताया कि कई दशक की सेवा में इतने गंभीर आरोप कभी नहीं लगे। मौके पर अर्पित सिंह, हिमांशु शुक्ल, आकाश सिंह, अनुपम अग्रवाल, बृजेश कुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।