बस्ती। जिले के दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण पर 38.49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन दोनों मार्गों के चौड़ीकरण की मंजूरी मिल गई है। इससे पैकोलिया-शिवाघाट और सोनहा-शिवाघाट के पुनर्निर्माण-चौड़ीकरण हो सकेगा। इससे आवागमन आसान हो जाएगा। दोनों सड़कें स्थानीय लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं। इसपर आवागमन भी अधिक है। मार्ग की चौड़ाई कम होने से अक्सर जाम और अन्य समस्याएं आती रहती हैं।
शासन स्तर से पीडब्ल्यूडी की ओर से भेजे गए इन दोनों सड़कों के प्रस्ताव की मंजूरी दे दी गई है। इसमें दोनों सड़कों पर जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद है। जिन दो सड़कों का कायाकल्प किया जाना है, उनमें भानपुर और गौर क्षेत्र को जोड़ती हैं और काफी महत्वपूर्ण हैं। जिले के पैकौलिया-शिवाघाट मार्ग, सोनहा-शिवाघाट मार्ग के चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस पर जनप्रतिनिधियों की ओर से पत्राचार भी किया गया था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुदान संख्या 58 के अंतर्गत राज्य सड़क निधि से बस्ती की दो खराब सोनहा-शिवाघाट मार्ग और पैकोलिया-शिवाघाट मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 38 करोड़ 49 लाख 91 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति शासन से मिली है। जिसके क्रम में 50 प्रतिशत धनराशि भी अवमुक्त हो चुकी है। ये दोनों सड़कें सात मीटर चौड़ी की जाएंगी। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड से यह सड़क बनेगी। पैकौलिया-शिवाघाट मार्ग की लंबाई 9.385 किमी है। इस पर 21 करोड़ 82 लाख 67 हजार रुपये खर्च होंगे। सोनहा-शिवाघाट मार्ग की लंबाई सात किमी है। इस पर 16 करोड़ 67 लाख 24 हजार रुपये खर्च कि जाएंगे।
राज्य सड़क निधि से बस्ती की दो सड़कें चौड़ीकरण की जाएंगी। यह सभी सड़कें सात मीटर चौड़ी होंगी। निविदा प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन सड़कों पर कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
इं. आनंद कुमार, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बस्ती मंडल
-