बस्ती। प्रदेश के वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर, गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई में कक्षा-छह में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। यूपी स्पोर्ट्स कॉलेज सोसाइटी की ओर से जारी प्रवेश प्रक्रिया पहली बार ऑफलाइन के साथ ही ऑनलाइन भी होगी। अभ्यर्थी लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज की वेबसाइट पर जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसमें लखनऊ के अलावा गोरखपुर और सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज में संचालित होने वाले खेल और खाली सीटों की जानकारी उपलब्ध है। अभ्यर्थी अपने पसंदीदा खेल का नाम डालकर फार्म भर सकते हैं। 200 रुपये की ऑनलाइन फीस के बाद एक रसीद जारी होगी। इसके बाद अभ्यर्थी ट्रायल में इस रसीद, आधार कार्ड और कक्षा पांच उत्तीर्ण की अंकतालिका के साथ ट्रायल दे सकते हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि तीनों कॉलजों में कक्षा छह में करीब 300 खिलाड़ियों की भर्ती की जानी है। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होने से अभ्यर्थी अनावश्यक दौड़-भाग नहीं करनी पड़ेगी।