डीएम न फरवरी तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश, हाईटेंशन तार हटाने को भी कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। डीएम रवीश गुप्ता ने बृहस्पतिवार को मेडिकल काॅलेज पहुंचे। यहां 50 बेड के बन रहे क्रिटिकल केयर यूनिट भवन का निरीक्षण किया। कार्य में प्रगति न देख उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि से जवाब सवाल किया। फरवरी 2025 तक हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कार्यदायी संस्था के जेई अरविंद कुमार ने निर्माण कार्य में देरी की वजह कार्यस्थल के ऊपर से दौड़ाए गए हाईटेंशन तार न हटना बताया। जानकारी दी गई कि बिजली तार हटाने के लिए विद्युत निगम को सात लाख रुपये भुगतान भी किया गया है। इसके बाद भी तार नहीं हटाया जा रहा है। डीएम ने तत्काल तार हटाने के लिए विद्युत निगम से पत्राचार करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि फरवरी 2025 तक निर्माण कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए, ताकि नए सत्र में क्रिटिकल केयर यूनिट संचालित किया जा सकें। इस भवन के निर्माण कार्य का जिम्मा राजकीय निर्माण निगम को मिला है। एनएचएम के बजट से यह यूनिट स्थापित की जा रही है। डीएम ने निर्माण की गुणवत्ता को भी देखा। कहा कि निर्माण कार्य में कोई भी लापरवाही न बरती जाए। गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। जेई ने बताया कि गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कार्य कराया जा रहा है। समय भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।