-अस्पताल में बना मृतक के बयान वाला वीडियो
- मरने से पहले पति बोल रहा है कि रविवार को पत्नी से किया गया दुष्कर्म
बस्ती। रुधौली सामूहिक दुष्कर्म कांड के बाद दंपती के जहर खाकर खुदकुशी करने की दिल दहला देने वाली घटना में शनिवार को एक और वीडियो सामने आया है। मरने से पहले पति के बयान वाले इस वीडियो के मुताबिक सामूहिक दुष्कर्म जहर खाने के चार दिन पहले यानी रविवार रात को हुआ था। जबकि, दंपती ने जहर बृहस्पतिवार को खाया। अस्पताल में रिकाॅर्ड किए गए उस वीडियो में वह बोल रहा है कि...तिरलोकिया इतवरवा के दारू पी कै हमरे मेहरारुआ से बलात्कार कई दिहिस.....। इस वीडियो में वह इतवार यानी रविवार सिर्फ लोकिया यानी त्रिलोकी का नाम ले रहा है।
इससे पहले अलग-अलग तीन वीडियो सामने आए थे, जिसमें यह स्पष्ट नहीं था कि महिला के साथ दरिंदगी कब हुई थी। दोनों की बात से ऐसा लग रहा था कि वारदात बृहस्पतिवार रात की है। जबकि, इस चौथे वीडियो में इतवार यानी रविवार का जिक्र किया गया है। सवाल उठ रहा है कि रविवार से लेकर बृहस्पतिवार सुबह के बीच चार दिन तक बात को दंपती ने क्यों दबाए रखा। इन चार दिनों में ऐसा क्या हो गया कि दोनों को जहर खाकर जान देने की नौबत आ गई।
इस दौरान वह क्या करता रहा और किससे मिलता-जुलता रहा, यह न तो घरवालों को पता है न ही उसके पड़ोसियों को। माना जा रहा है कि इसी चार दिन के भीतर आत्मघाती कदम की पृष्ठभूमि बनी। कस्बे के लोगों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम में कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है, जो अब तक सामने नहीं आ पाई है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि वह तहरीर और वीडियो के बयान के आधार पर तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि केस से जुड़े जितने पहलू हैं,उन पर गौर करते हुए सभी की छानबीन कराई जा रही है। संवाद