मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने का एलान
बस्ती। तकनीकी सहायकों का धरना बृहस्पतिवार को मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में जारी रहा। विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एसडीओ तृतीय को निलंबित कर प्रकरण की जांच कराने की मांग कर रहे हैं। तकनीकी सहायकों का कहना है कि मांग पूरी होने तक उनका धरना जारी रहेगा।
संघ के जोनल अध्यक्ष सैय्यद मोहम्मद नासिर ने कहा कि एसडीओ तृतीय ने तकनीकी कर्मचारी (टीजीटू) ओम प्रकाश का मानसिक उत्पीड़न किया, जिससे वह बीमार पड़ गए। एफआईआर होने के बावजूद विद्युत निगम अधिकारी एसडीओ पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पॉवर कारपोरेशन के सीपीएफ ट्रस्टी कलीम कुरैशी ने कहा कि यदि पीड़ित साथी के साथ अधिकारी न्याय नहीं करेंगे तो प्रदेश स्तर पर धरना शुरू किया जाएगा।
संगठन के सिद्धार्थनगर के जिलाध्यक्ष रामजी मिश्रा ने कहा कि बिना कार्रवाई धरना स्थगित नहीं किया जाएगा। जोनल सचिव अमर सिंह, संतकबीरनगर जिलाध्यक्ष नारायण चंद्र चौरसिया, अजय पांडेय, राज कुमार चौधरी, नीरज कुशवाहा आदि ने धरने को संबोधित किया। इस मौके पर अली अहमद, दयाशंकर वर्मा, शरद पांडेय, इंद्र प्रताप, सुनील कुमार, अशीष कन्नौजिया, जितेंद्र यादव, सिकंदर, शीलेंद्र कुमार, पवन कुमार, बाल्मीकि, अखिलेश यादव, अमित शर्मा, अमर नाथ, अनील शर्मा, मो. आसिफ खान आदि मौजूद रहे।