बभनान। गौर थाना क्षेत्र के हलुवा बाजार चौराहे पर पुलिसकर्मी ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी। इससे लोग आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोग जुट गए।करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा।
हलुवा बाजार निवासी घनश्याम यादव ने कुछ दिन पहले शिकायती पत्र थाने में दिया था। उसी की जानकारी लेने के लिए वह शनिवार शाम चौराहे पर इलेक्ट्रिक की दुकान पर बैठे सिपाही से बात करने पहुंचे। आरोप है कि सिपाही ने गाली-गलौज करते हुए घनश्याम की पिटाई कर दी। इस दौरान पीड़ित का बेटा भी मौके पर पहुंच गया और पिता की पिटाई का वीडियो बनाने लगा।
यह देखकर सिपाहियों ने उसे एक कमरे में ले जाकर पीटा और उसके मोबाइल से वीडियो डिलीट कर दिया। जब यह बात लोगों को पता चली तो बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई।
भीड़ ने सिपाही की बाइक भी रोक ली। बाद में थाने से पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और बाइक को थाने ले गई। पीड़ित घनश्याम यादव का कहना है कि पुलिस ने उन्हें सुबह थाने बुलाया है। इंस्पेक्टर गौर परमाशंकर यादव ने बताया कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद