ब्लॉक के चलते बभनान स्टेशन पर 25 मिनट तक खड़ी रही आम्रपाली एक्सप्रेस- संवाद
गौर। स्वामीनारायण छपिया-परसा तिवारी स्टेशन के बीच ब्लॉक के चलते बस्ती से होकर गुजरने वाली अप आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन को रविवार दोपहर बभनान रेलवे स्टेशन पर करीब 25 मिनट तक रोकना पड़ा। उमस भरी गर्मी के करण ट्रेन में बैठे यात्री परेशान नजर आए।
बिहार के कटिहार से चलकर गोरखपुर,बस्ती, गोंडा,लखनऊ के रास्ते अमृतसर को जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस बस्ती रेलवे स्टेशन से रन थ्रू जा रही थी। लेकिन, गोंडा-गोरखपुर रेल खंड पर स्वामीनारायण छपिया-परसा तिवारी स्टेशन के बीच ब्लॉक के चलते ट्रेन को दोपहर 14:23 बजे बभनान स्टेशन पर रोकना पड़ा। रेल लाइन क्लियर होने के बाद 14:48 बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।
एसी कोच में यात्रा कर रहे सोनू व आरएस सक्सेना ने बताया कि गोरखपुर से ट्रेन निर्धारित समय से चली है। लेकिन बीच-बीच में छोटे स्टेशनों पर ट्रेन को रोककर इसे पैसेंजर ट्रेन बना दिया गया है। सबसे ज्यादा देर तक बभनान रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकी रही। ट्रेन रोकने का कारण यात्रियों को नहीं है।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कभी-कभी ब्लॉक व काशन के चलते ट्रेनों को कंट्रोल करके चलाया जाता है। इसकी वजह से ट्रेनें विलंब हो जाती हैं।