बस्ती। शहर के प्रमुख कुआनो नदी के अमहट घाट और पुरानी बस्ती क्षेत्र के निर्मली कुंड पर श्रद्धालुओं का हुजूम मंगलवार सुबह सात बजे तक देखा गया। अमहट से लेकर शास्त्री चौक और कंपनीबाग तक लोगों का रेला चल रहा था। सूर्योपासना और छठ मईया के वेदी की पूजा का रस्म खत्म होने के बाद थकान से भरी व्रती महिलाओं को घर पहुंचने की जल्दी थी।
थके पांवों से लोग भीड़ से बाहर निकल रहे थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनाती रही। एक किलोमीटर के दायरे में वाहनों की आवाजाही न होने के कारण लोगों को पैदल चलना पड़ा। ऑटो, टैक्सी कंपनीबाग या कचहरी चौराहे के निकट मिल रहे थे। कुछ परिवारों के निजी चार पहिया और दो पहिया वाहन भी घाट से लगभग एक किलोमीटर दूरी पर बस्ती क्लब, कचहरी परिसर, कंपनीबाग के पास खड़े थे।
36 घंटे से भूखी प्यासी महिलाएं छठ मईया की वेदी पर प्रसाद ग्रहण करने के बाद घर निकलने की तैयारी में जुट गईं। इस दौरान घाट पर मौजूद अन्य माताओं-बहनों ने भी अपने अचरा में छठ मईया का प्रसाद लिया। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अमहट से कचहरी तक श्रद्धालुओं का रेला चल रहा था। वहीं पुरानी बस्ती क्षेत्र में भी भोर से ही श्रद्धालुओं की हलचल बढ़ी रही।