हर्रैया। हाईवे पर महूघाट गांव के सामने अयोध्या तरफ जाने वाली लेन पर जा रही एंबुलेंस ने बाइक को ठोकर मार दी। दुर्घटना में बाइक के पास खड़े चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने पुलिसकर्मियों के सहयोग से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने दो घायलों की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।
सोमवार की शाम करीब छह बजे एंबुलेंस चालक शिव प्रसाद शर्मा निवासी बरगदवा थाना कोतवाली जनपद बस्ती दिल्ली जा रहा था। हाईवे पर महूघाट गांव के सामने बस स्टॉप के पास अचानक एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर किनारे खड़ी बाइक में भिड़ गई। हादसे में बाइक सवार शिव चंद्र पुत्र रामदेव 45 वर्ष निवासी जगदीशपुर थाना कप्तानगंज, बद्रीनाथ व 40 वर्ष निवासी बड़हर कलां थाना हर्रैया, हिमांशु पुत्र हरिशंकर 17 वर्ष निवासी हरदिया थाना हर्रैया, राम शंकर 55 वर्ष निवासी हरदिया थाना हर्रैया घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने हालत नाज़ुक देख दो लोगों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।