बस्ती। गोरखपुर और लखनऊ ही नहीं महराजगंज जिले में भी पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की चल व अचल संपत्ति का पता चला है। भूमि, मकान, वाहन के अलावा अन्य संपत्ति हो सकती है। पुलिस महराजगंज की संपत्ति के बारे में भी ब्योरा जुटाने में लगी है। अमरमणि लक्ष्मीपुर विधानसभा (अब नौतनवां) सीट से 1996 के बाद से चार बार विधायक रहे हैं।
उधर, लखनऊ में डेरा डाली पुलिस के हाथ अभी कोई खास जानकारी नहीं लगी है। हालांकि टीम अभी भी लखनऊ की संपत्तियों की जानकारी हासिल करने में जुटी है। कोतवाल चंदन कुमार के मुताबिक आरोपी की प्रत्येक जिले में मौजूद संपत्ति का पता लगाया जा रहा है। 10 जनवरी से पहले यह कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सप्तम/विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए कोर्ट) प्रमोद कुमार गिरि ने अपहरण मामले के आरोपी अमर मणि त्रिपाठी को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश न करने पर पुलिस को कड़ी फटकार लगाते हुए दो दिसंबर को कुर्की करने का आदेश दिया था। कहा था कि 20 दिसंबर को सुनवाई की तारीख पर अनुपालन की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसके लिए न्यायालय ने पुलिस की स्पेशल टीम गठित करने का भी आदेश दिया था।
इस पर एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने सात दिसंबर को कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक कृपाशंकर मौर्य, क्राइम ब्रांच के निरीक्षक संजय कुमार, एसओ महिला थाना निधि यादव, एसओजी व स्वाॅट प्रभारी और चौकी इंचार्ज सिविल लाइंस की नई टीम बनाई गई। टीम के पर्यवेक्षण का जिम्मा सीओ सिटी विनय चौहान को सौंपा गया। इस मामले की सुनवाई अब 10 जनवरी को होनी है। पुलिस कोर्ट के सामने पेश होने के पहले कुर्की की कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।