बस्ती। राजकीय औद्योगिक एवं प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बस्ती में नंबर बढ़ाने के नाम पर धनउगाही का मामला सामने आया है। छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को उीएम और सीडीओ को शिकायती पत्र देकर संस्थान के एक शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाया और जांच कर कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में अंक बढ़ाने का प्रलोभन देकर उनसे पैसे वसूले गए।
छात्रों ने बताया कि शिक्षक पहले दबाव बनाते हैं और फिर कमजोर प्रदर्शन का हवाला देकर नंबर बढ़ाने की पेशकश करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास इस आरोप के ठोस साक्ष्य और बातचीत के ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं, जिसे उन्होंने जांच के लिए प्रशासन को सौंपा है। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
छात्रों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि राजकीय संस्थान में पढ़ाई के नाम पर इस तरह की अवैध वसूली उनकी मेहनत और भविष्य से खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की है कि प्रकरण को गंभीरता से लेकर जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे अन्य विद्यार्थियों में सकारात्मक संदेश जाए। वहीं सूचना पर आईटीआई में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी भी पहुंच गए। उन्होंने आईटीआई के प्रधानाचार्य से पूरे प्रकरण की जानकारी ली और कार्रवाई के लिए कहा।
संस्थान के प्रधानाचार्य गोविंद कुमार ने कहा कि उन्हें मामले की सूचना मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।