बस्ती। परिवहन निगम बसों की आय बढ़ाने के लिए नया फंडा अपनाया है। इसके लिए लंबी दूरी और लोकल रूट पर बसों की संख्या व फेरा बढ़ाने का फैसला किया है। इससे डाउन इनकम को सुधार कर तय औसत इनकम बनाए रखनी है। चालकों के अभाव समेत विभिन्न कारणों से बुधवार को 22 बसें खड़ी रहीं।
बस्ती डिपो के बेड़े में निगम की 110 बसें शामिल हैं। इन सभी बसों को ऑन रूट कर आय बढ़ाने के लिए निगम के एमडी ने निर्देश दिया है। एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि जो बसें ऑफ रूट हैं, उनकी खामियां और समस्याएं दूर कर उन्हें ऑन रूट किया जा रहा है। बताया कि अभी वर्तमान में रोजाना एक बस की आय 8500 रुपये है, जबकि औसत दर 10 हजार रुपये है। इसी पैटर्न पर बसों की आय लाने का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि दिल्ली, कानपुर, मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के साथ आंबेडकरनगर रूट पर बसों की संख्या और फेरा बढ़ाया जा रहा है। इससे जहां यात्रियों को सहूलियत होगी, वहीं आय भी बढ़ेगी।
वहीं, बुधवार को बताया गया कि 22 बसें चालक और अन्य अभाव में खड़ी रहीं। इससे समस्याएं हुईं। एआरएम ने बताया कि प्रबंध निदेशक की ओर से दिए गए निर्देश का पालन हो रहा है। जिन रूटों पर आमदनी कम है वहां तीन दिन में संचालन व्यवस्था बेहतर करके आय बढ़ाई जाएगी। इसके लिए बसों की संख्या बढ़ाई गई है। निगम के अलावा 34 अनुबंधित बसों को भी ऑन रूट रखने के निर्देश दिए गए हैं।