बस्ती। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए इस बार शिक्षा विभाग तकनीक का सहारा लेगा। परीक्षा की निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रयोग किया जाएगा। जिला स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
जिले में 401 माध्यमिक विद्यालय हैं। इसमें 22 राजकीय, 70 वित्त पोषित व 309 वित्त विहीन विद्यालय हैं। पिछले वर्ष हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में एक लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इस बार भी परीक्षार्थियों की संख्या लगभग इतनी ही रहने का अनुमान है। परीक्षा के दौरान एआई न केवल परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखेगा, बल्कि स्ट्रांग रूम की निगरानी भी करेगा। यदि नकल की कोशिश या स्ट्रांग रूम में किसी तरह की गड़बड़ी पाई जाती है तो तुरंत अलर्ट जारी होगा। जिले का कंट्रोल रूम सीधे बोर्ड मुख्यालय से जुड़ा रहेगा, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश शुक्ल ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां चल रही हैं। विद्यालयों और शिक्षकों का डाटा अपडेट किया जा रहा है। इस बार परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सबसे आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा।