बस्ती। जिले के बेरोजगार स्नातक किसानों के लिए अच्छी खबर है। सरकार
बेरोजगार कृषि स्नातकों को रोजगार मुहैया कराने जा रही है। इसके लिए उन्हें
पहले 60 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा।
उसके बाद बीज, खाद, जैव
उर्वरक और वर्मी कंपोस्ट के व्यापार के लिए मुफ्त लाइसेंस दिया जाएगा। पहले
चरण में जिले के 46 बेरोजगार कृषि स्नातक लाभान्वित होंगे।
हालांकि
जिले में एक आकड़े के मुताबिक एक हजार से अधिक ऐसे स्नातक है जो रोजगार न
मिलने के कारण खेती बारी का कार्य कर रहे हैं। कृषि उद्यमी स्वावलंबी योजना
के तहत बेरोजगार कृषि स्नातकों को रोजगार मुहैया कराया जाएगा।
इन्हें
खेती किसानी में हर तरह की मदद राज्य सरकार देगी। इसके तहत एग्री जंक्शन
और ‘वन स्टाप शाप’ यानी एक ही स्थान पर मृदा परीक्षण से लेकर खेती बारी की
जानकारी चयनित बेरोजगार स्नातक देंगे।
उप निदेशक कृषि डॉक्टर पीके
कन्नौजिया ने बताया कि इस योजना से न सिर्फ बेरोजगार कृषि स्नातकों को
रोजगार मिलेगा, बल्कि एक ही स्थान पर किसानों को इसका लाभ भी मिलेगा।
प्रथम
चरण में जिले के 46 बेरोजगार कृषि स्नातकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य
मिला है। मार्च 2015 तक इनको रोजगार मिल जाएगा। बताया कि जो ‘वन स्टाप शाप’
खुलेगी उसमें किसानों को गुणवत्ता वाली खाद, बीज, जैव उर्वरक,
माइक्रोन्यूट्रिएंट, वर्मी कंपोस्ट, कीट नाशक सहित खेती के जरूरत की चीजें
उपलब्ध रहेंगी। यहां पर खेती बारी में आने वाली कठिनाइयों का निवारण भी
किया जाएगा।