कृषि कानून किसानों के लिए लाभकारी : हरीश
रुधौली (बस्ती)। मोदी सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्पित है। हाल में लागू किए गए कृषि कानून पूरी तरह से किसानों के पक्ष में है एवं उनके लिए लाभकारी। मोदी सरकार ने चुनावी संकल्प पत्र के सभी वादों को पूरा कर लिया है। ऐसे में विपक्ष में बैठे कांग्रेस व उसके साथी दलों के पास सरकार का विरोध करने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा तो उन्होंने कृषि कानून को अपना हथियार बना लिया। किसानों को भड़का कर केंद्र सरकार के खिलाफ खड़ा करना चाहती है। यह बातें बस्ती के सांसद एवं भाजपा सचिव हरीश द्विवेदी ने शनिवार को रुधौली के रणवीर स्कूल परिसर में आयोजित किसान सभा में कही।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में हो रहे किसान आंदोलन में किसानों की हित की बात न होकर शाहीनबाग और जेएनयू के मामलों में दर्ज किए गए मुकदमों में फंसे लोगों को रिहा करने की बात हो रही है। कांग्रेस सरकार जिस स्वामीनाथन रिपोर्ट के आधार पर कृषि कानून लागू करना चाह रही थी, मगर लागू नहीं कर सकी। उसे मोदी सरकार ने लागू कर दिया।
विशिष्ट अतिथि एवं क्षेत्रीय विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि केंद्र की मोदी एवं प्रदेश की योगी सरकार शुरू से ही किसानों एवं गरीबों के लिए चिंतित रही है। कार्यक्रम आयोजक एवं विद्यालय के प्रबंधक शैलेंद्र सिंह रणवीर ने कहा कि एक समाजसेवक होने के नाते दायित्व बनता है कि प्रदेश अथवा केंद्र में सरकार के सही नियमों एवं कानूनों के प्रति समाज को जागरूक करें। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए यह किसान सभा आयोजित की गई है। सभा को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय राय, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ला ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के आयोजक शैलेंद्र सिंह रणवीर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम के अंत में कुछ जरूरतमंद महिलाओं एवं पुरुषों को कंबल वितरित किया गया। पांच युवाओं को साल भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस दौरान माधवेंद्र द्विवेदी, सांसद के प्रतिनिधि राकेश शर्मा, रवि सिंह, विधायक के प्रतिनिधि विजय कुमार पांडेय राजू, मंडलाध्यक्ष विजय नारायण तिवारी, हियुवा के जिलाध्यक्ष शशि भूषण सिंह, संदीप जायसवाल, सत्येंद्र सिंह, ऋषभ श्रीवास्तव, विवेक सिंह, अभिजीत सिंह, नवीन सिंह, अनुज सिंह, संदीप कुमार, संतोष उपाध्याय, सोमदत्त, पूर्णिमा शर्मा आदि मौजूद रहे।
बस्ती-सिद्धार्थनगर रेल लाइन का दिखाया सपना
कार्यक्रम में सांसद हरीश द्विवेदी ने क्षेत्रीय विधायक संजय प्रताप जायसवाल की पहल एवं सक्रियता को ध्यान में रखते हुए बस्ती से सिद्धार्थनगर को जोड़ने वाली रेलवे लाइन का सपना दिखाते हुए कहा कि क्षेत्रीय विधायक की पहल पर रेलवे लाइन के सर्वे का कार्य चल रहा है जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।