- फरवरी में शासन से आवंटन हुई थी 12.75 करोड़ की राशि
- नगर निकयों में नए संसाधन व सुदृढ़ीकरण का होना है काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर सहित 11 नगर निकायों में बिजली आपूर्ति संसाधनों को विकसित करने के लिए शासन से निगम को 12.75 करोड़ रुपये फरवरी में आवंटित हुए हैं। निगम और कार्यदायी एजेंसी के बीच काम को लेकर आठ महीनों में एग्रीमेंट नहीं हो पाया। जिससे अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रही है। कहीं निर्धारित वोल्टेज में तो कहीं रोस्टर के अनुसार आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। बभनान, हर्रैया, भानपुर व रुधौली को छोड़ कर अन्य छह नगर पंचायतों को ग्रामीण इलाकों जैसी 18 घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायतों में 22 घंटे बिजली आपूर्ति करने का शासन से निर्देश है। जब जन प्रतिनिधि निर्धारित घंटे की आपूर्ति देने के लिए निगम अफसरों पर दबाव बनाते हैं तो वह संसाधनों की कमी बताकर किनारा कर लेते हैं। लेकिन हकीकत यह है कि निगम के पास नए संसाधनों को स्थापित करने व पुराने के सुदृढ़ीकरण के लिए शासन से मिले करीब 12.75 करोड़ रुपये डंप पड़े हैं। काम कराने के लिए तीन एजेंसियों को मार्च में ठेका दिया जा चुका है। जुलाई में निगम तीनों एजेंसियों को सशर्त अनुमति पत्र (एलओआई) भी जारी कर चुका है। इसके बाद एजेंसी द्वारा लगाए जाने वाले सामानों की गुणवत्ता जांच की जानी थी। लेकिन पांच महीनों में निगम न तो सामानों की गुणवत्ता जांच नहीं करा पाया और न ही एजेंसियों के साथ काम कराने का एग्रीमेंट पूरा कर पाया।
इन समस्याओं का सामना कर रहे उपभोक्ता
- फीडर अलग न होने से ग्रामीण इलाकों जैसे मिल रही बिजली।
- निर्धारित वोल्टेज से कम मिल रही बिजली आपूर्ति।
- लोकल फाल्ट की अधिकता के कारण आपूर्ति बाधित हो रहती है।
- 22 की जगह मुश्किल से मिल रही 18 घंटे आपूर्ति।
- कम बिजली मिलने के कारण प्रभावित हो रही व्यवसायिक गतिविधियां।
-
नगर पंचायतों में होने प्रमुख कार्य
- बनकटी व नगर बाजार उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि होनी है।
- गायघाट में आठ किमी 33 केवी लाइन बनाया जाना है।
- कप्तानगंज में 55, गनेशपुर 20 गायघाट में तीन, मुंडेरवा में चार किमी बनेगी 11 केवी लाइन।
- नगर बाजार व कप्तानगंज में आठ-आठ, गनेशपुर में सात, गायघाट में एक किमी बनेगी एलटी लाइन।
- नगर बाजार में दो व गायघाट में एक400 केवीए का लगना है ट्रांसफार्मर।
- हर्रैया में 19 किमी 11 केवी व एक किमी एलटी लाइन को होना है निर्माण।
- रुधौली में 40 किमी बनाई जानी है 11 केवी लाइन।
- बनकटी में आठ किमी 11 केवी व 4.50 किमी एलटी लाइन का होना है निर्माण।
-
वर्जन-
- कार्यदायी एजेंसियों से परफार्मेंस गारंटी की मांग की गई है। इसी हफ्ते के आखिरी से कार्य शुरू हो जाएगा।
रामदास, अधीक्षण अभियंता।