पूरा वेतन न दिए जाने की शिकायत एसडीएम से की, समस्या समाधान के लिए तीन सूत्रीय ज्ञापन दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
भानपुर। नगर पंचायत भानपुर में तैनात कर्मचारियों ने समय से और पूरा वेतन न दिए जाने को लेकर शनिवार को ईओ कार्यालय के सामने धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने समस्या समाधान के लिए एसडीएम को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन कार्यालय सहायक वीरेंद्र कुमार को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि सभी कर्मी नियमानुसार ड्यूटी करते हैं, लेकिन उन्हें समय से वेतन नहीं दिया जाता है। वेतन देते समय कटौती कर ली जाती है। माह में मिलने वाला अवकाश भी नहीं दिया जाता। ईओ वेतन मांगने पर भगा देते हैं। कर्मियों ने मामले की जांच कराकर पूरा वेतन और अवकाश दिलाने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व मनोज सिंह ने करते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्याएं जायज हैं। यदि समस्या का शीघ्र समाधान न हुआ तो डीएम और नगर विकास मंत्री को भी अवगत कराया जाएगा।
कर्मचारियों की ओर से ज्ञापन देकर शिकायत दर्ज कराई गई है। इस मामले में ईओ नगर पंचायत भानपुर से शासनादेश सहित आख्या मांगी गई है। आख्या मिलने पर कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करा दिया जाएगा।
-अतुल आनंद, एसडीएम, भानपुर।