बस्ती। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की बैठक शुक्रवार को स्काउट भवन सभागार में हुई। प्रधानाचार्यों की समस्याओं पर चर्चा की गई। समाधान के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।
डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ल ने कहा कि अब न्यायालय से संबंधित प्रकरणों में वांछित अभिलेखों को प्रतिहस्ताक्षरित के लिए प्रधानाचार्यों से शपथ पत्र नहीं मांगा जाएगा। खैर इंटर कॉलेज के प्रबंधक की ओर से किए जा रहे उत्पीड़न पर रोक लगाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। प्रधानाचार्यों ने छात्रों के पंजीकरण शुल्क में से 10 रुपये प्रति छात्र विद्यालय को दिए जाने के निर्णय की सराहना की। कहा कि संगठन की 14 सूत्रीय मांगों को लेकर शीर्ष नेतृत्व द्वारा संघर्ष की जो भी रणनीति तय होगी उसमें भरपूर सहयोग किया जाएगा। इस मौके पर संरक्षक डाॅ. संजय सिंह, जिलाध्यक्ष योगेश शुक्ल, मंत्री डाॅ. हरेंद्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष विद्याधर वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष आज्ञाराम चौधरी, उपाध्यक्ष डाॅ. मनोज सिंह, संजय द्विवेदी आदि मौजूद रहे।