ग्राम बारीजोत निवासी मनीष के रोते-बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : photo
नगर बाजार (बस्ती)। लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर बेईली गांव के पास शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में बारीजोत गांव निवासी पिकअप चालक मनीष कुमार (24) की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। करीब दो साल पहले मनीष के पिता राम करन की भी ग्राम खुटहन के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब बेटे की मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
मनीष की मां राधिका देवी बड़े बेटे रजनीश (32) और बड़ी बेटी सुमन की शादी कर चुकी हैं। मनीष और उसकी दो बहनें वंदना (21) व अर्चना (14) की शादी नहीं हुई है। मनीष ही घर का कमाऊ सदस्य था। वह पिकअप चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
राधिका ने बताया कि दो साल पहले पति राम करन की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। किसी तरह बच्चों की परवरिश की। जब बच्चे कमाने लायक हुए तो लगा कि अब खुशियां लौट आएंगी, मगर यह मालूम नहीं था कि जिस कमाऊ बेटे पर गर्व था, वह भी अकेला छोड़ कर दुनिया से चला जाएगा।