पुलिस कर्मियों के सहयोग से मृतक के परिजन को खाद्य सामग्री व आर्थिक सहायता दी गयी।
बस्ती। घर के कमाऊ सदस्य के फांसी लगाकर जान दे देने के बाद परिवार खाने का मोहताज हो गया था। पारिवारिक हालात को देखते हुए कप्तानगंज पुलिस ने मदद का बीड़ा उठाया। थानाध्यक्ष रोहित उपाध्याय ने सभी पुलिस कर्मियों के सहयोग से राशन और पांच हजार रुपये का प्रबंध किया। शुक्रवार को यह सामग्री देने पहुंचे तो परिवार वाले भाव-विह्वल हो गए। पुलिस का यह रूप देखकर गांव वालों के मुंह से सराहना के शब्द निकलने लगे।
कप्तानगंज थानाक्षेत्र के कजरी कुंड निवासी विनय कुमार का शव घर में फंदे से लटकार पाया गया था। उसने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। उसके छह बच्चे हैं। पत्नी और बूढे पिता हैं मगर घर में अब कोई कमाने वाला नहीं रहा। थानाध्यक्ष ने बताया कि उन्हें जब माली हालत की जानकारी हुई तो कुछ धनराशि तत्काल परिवार वालों को अपने पास से दिए। इसके बाद चौकी प्रभारी दुबौला जय प्रकाश चौबे सहित थाना कप्तानगंज के समस्त कर्मियों के सहयोग से परिवार के जीवन यापन के लिए दो क्विंटल गेहूं, एक क्विंटल चावल, एक बोरी दाल, सब्जियां, एक टिन रिफाइन व पांच हजार रुपये ले जाकर मृतक की पत्नी किरन एवं उसके पिता पुत्तूर को सौंपा गया।