पीड़िता का कहना है कि परशुरामपुर कस्बे के एक स्टोर पर कार्य करने के दौरान एक युवक से उसका प्रेम संबंध कायम हो गया। मगर सजातीय न होने के कारण उसके घर वालों ने शादी की इजाजत नहीं दी। जिस पर दोनों ने अपनी मर्जी से शादी कर ली। उसका पति चंडीगढ़ में काम करने के लिए चला गया। आरोप है कि जिसके बाद उसके सास, ससुर और देवरों ने उस के साथ अभद्र व्यवहार किया।
पति जब घर आया तो वह भी उस को प्रताड़ित करने लगा। आरोप है कि हालत ठीक होने के बाद वह थाने पर पहुंची, तो उसे थाने से भगा दिया गया। इसके बाद वह सोमवार को डीएम कार्यालय पर पहुंची। डीएम प्रियंका निरंजन के मामले को संज्ञान लेने के बाद पुलिस हरकत में आई।
एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। विवेचना के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।