मुंडेरवा। सीएचसी मुंडेरवा में करीब चार माह बाद सीबीसी जांच के लिए रीजेंट उपलब्ध कराया गया है। इससे क्षेत्रीय मरीजों को अब निशुल्क जांच की सुविधा मिल सकेगी। हालांकि, बायोकेमेस्ट्री जांच के लिए रीजेंट अब भी उपलब्ध नहीं है। इसके चलते मरीजों को जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है।
गन्ना समिति के पूर्व डायरेक्टर विनोद राय और भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष मार्तंड प्रताप सिंह उर्फ छोटू ने इस समस्या की शिकायत सीएमओ से की थी। शिकायत के बाद सीबीसी जांच के लिए रीजेंट उपलब्ध कराया गया। दोनों ने बायोकेमेस्ट्री जांच के लिए भी तत्काल रीजेंट उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सीएचसी में चिकित्सकों के समय से ओपीडी में नहीं बैठने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि इससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने नवनियुक्त चिकित्सकों से भी नियमित ओपीडी कराने और स्वास्थ्य केंद्र का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने की मांग सीएमओ से की है।