हरैया कस्बे में तहसील प्रशासन ने हटवाया अतिक्रमण ।
अवैध कब्जे हटाए गए, अतिक्रमणकारियों में मची खलबली
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। कस्बे में शुक्रवार को एसडीएम के निर्देश पर गठित राजस्व और नगर पंचायत कर्मियों की टीम अतिक्रमण हटाने निकली। अंजहिया गली और सब्जी मंडी सहित सड़क की पटरियों पर अवैध रूप से कब्जा जमाए लोगों पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटा दिया। जेसीबी से सड़क की दोनों ओर नाली के बाहर बढ़ा कर रखे टीन व अन्य निर्माण को तोड़ दिए गए। सड़कोंं पर ठेले लगाकर रास्ते में अवरोध करने वालों से 3200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नायब तहसीलदार शौकत अली के साथ ईओ संजय कुमार राव पुलिस टीम के साथ कस्बे में अतिक्रमण हटाने पहुंचे तो अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई। हालांकि, अतिक्रमण हटाने की सूचना माइक से दी गई थी, मगर लोगों को यह हवा-हवाई ही लगा। जैसे ही जेसीबी अंजहिया बाजार में पहुंची तो दुकानदार सड़क से जल्दी-जल्दी अतिक्रमण हटाने लगे।
करीब चार घंटे की कार्रवाई के दौरान कस्बे में अफरातफरी का माहौल रहा। अधिशासी अधिकारी संजय राव ने बताया कि सड़कों पर ठेला लगाकर जाम लगा रहे सात लोगों से 3200 रुपये जुर्माना वसूला गया। नगर पंचायत की टीम अतिक्रमणकारियों की निगरानी करेगी। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर केस दर्ज कराया जाएगा।