जेइ/एईएस के रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। इसके लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 25 से 31 जुलाई तक अभियान चलाएगा। इसके तहत सभी विकास खंडों, ग्राम सभाओं के साथ ही तहसीलों, जिला मुख्यालय एवं मण्डल मुख्यालय पर जागरूकता रैली का आयोजन 25 को किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए जेइ/एईएस अभियान के मंडल समन्वयक राघवेन्द्र प्रताप पांडेय और जिला मलेरिया अधिकारी डॉ आईए अंसारी ने संयुक्त रूप से बताया कि मंडल मुख्यालय पर स्थित राजकीय इंटर कालेज से जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली जाएगी। जिसमें विभिन्न विद्यालयों के करीब 6000 बच्चे प्रतिभाग करेेंगे। यह रैली राजकीय इंटर कालेज से गॉधी नगर, और कम्पनी बाग होते हुए शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम तक जायेगी। रैली के बाद स्टेडियम ग्राउंड पर चौपाल का आयोजन किया जाएगा। पांडेय और डॉ. अंसारी ने संयुक्त रूप से बताया कि चौपाल में मंडल और जनपद के आला अधिकारी उपस्थित रहेगें।
चैपाल में उपस्थित बच्चों और उनके अभिभावकों व अन्य को इंसेफेलाइटिस से बचाव के लिए शपथ दिलाई जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अंसारी ने इंसेफेलाइटिस जागरूकता सप्ताह कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि समस्त विकास खंड मुख्यालयों पर खंड विकास अधिकारी के नेतृत्व में, ग्राम सभाओं में ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में, तहसीलो में तहसीलदार के नेतृत्व में और जिला स्तर पर नामित अधिकारियों की ओर से रैली और चौपाल का आयोजन होगा। डॉ. अंसारी ने बताया कि जागरूकता सप्ताह के प्रत्येक दिन स्कूलों में प्रार्थना के समय रोग के रोकथाम के उपायों से अवगत कराते हुए उन्हें बचाव के लिए प्रेरित करते हुए शपथ दिलाई जाएगी। उन्होेंने बताया कि जागरूकता सप्ताह के उपरांत भी इसे प्रार्थना में नियमित रूप से शामिल किया जा सकता है।