बस्ती। हापुड़ घटना के विरोध में अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। अधिवक्ता हापुड़ के डीएम व एसपी पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोमवार को न्याय मार्ग होते हुए अधिवक्ता रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचे और काम काज बंद कराते हुए विरोध प्रदर्शन में सहयोग मांगा।
सोमवार को जिले के सभी अधिवक्ता जनपद न्यायालय के गेट नंबर दो पर एकत्रित हुए यहां से विरोध प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। जहां डीएम को ज्ञापन देकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद अधिवक्ता निबंधन कार्यालय पहुंचे और रजिस्ट्री कार्य को बंद कराकर साथियों से सहयोग मांगा। यहां से तहसील परिसर पहुंचकर साथी अधिवक्ताओं से बातचीत कर न्यायिक कार्यों से विरत रहने की अपील की।
दि यंग बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार भट्ट ने बताया कि सरकार से प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की जा रही है। लेकिन सरकार अधिवक्ताओं की मांगों को लेकर गंभीर नहीं हो रही है। कहा कि हापुड़ की घटना निंदनीय और संवैधानिक मूल्यों का उल्लंघन करने वाली है। इस तरह के कृत्य से समाज में डर का माहौल पैदा होता है। आम नागरिक यह सोचता है कि जब अधिवक्ता ही सुरक्षित नहीं हैं तो उनके हितों की रक्षा कौन करेगा। यंग बार के महामंत्री अंगद मिश्र ने कहा कि जब तक सरकार अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाती है तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। मौके पर राम प्रसाद चौरसिया, द्वारिका प्रसाद पाठक, राम कृष्ण पांडेय, शिवपूजन मिश्रा, अजय प्रताप सिंह, देवव्रत उपाध्याय, आदि मौजूद रहे।
-