शुक्रवार को 23वें दिन भी कार्य बहिष्कार का किया प्रदर्शन
साधारण सभा की बैठक में अधिवक्ता संगठन ने लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। हापुड़ की घटना को लेकर शुक्रवार को 23वें दिन भी अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार जारी रहा। सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री शिवपूजन मिश्र ने बताया सिविल बार सभागार में हुई साधारण सभा की बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के अधिवक्ता 30 सितंबर तक न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। 29 सितंबर को हापुड़ में आयोजित महाबैठक में बड़ी संख्या में हिस्सा लेने 28 सितंबर को रवाना होंगे।
उन्होंने बताया कि इस बार आरपार की लड़ाई है। सरकार को अधिवक्ताओं की मांगें पूरी करनी ही पड़ेंगी। इससे नीचे बात नहीं बनने वाली है। यदि सरकार अड़ियल है तो अधिवक्ता उससे कम नहीं हैं। हम न झुकेंगे और न ही वार्ता करेंगे। सरकार को पांच सूत्री मांगों को मानना ही पड़ेगा।
जनपद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश कुमार दुबे ने कहा कि पीड़ितों को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने वालों को ही सरकार नजर अंदाज कर रही है तो आम नागरिकों का क्या हाल होगा। यह स्थिति ठीक नहीं है, इससे अफसरशाही में मनमानी करने का संदेश जाता है। दि यंग बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार भट्ट ने कहा कि यदि सरकार उदारतापूर्ण रवैया अपनाती तो अधिवक्ता सहयोग करते। मामले से पल्ला झाड़ना लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष राज किशोर पांडेय, उपेंद्र नाथ दुबे, चिंतामणि पांडेय, अवनीश मिश्रा, शैलेश पाठक, निशांत पाठक आदि मौजूद रहे।