बस्ती। बनकटी विकास खंड की बेहिल ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत अनियमित तरीके से जॉबकार्ड जारी करने और निर्धारित सीमा से अधिक रोजगार देने के मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपायुक्त श्रम रोजगार संजय शर्मा ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और सरकारी धन की वसूली के निर्देश दिए हैं। बेहिल निवासी गंगाराम यादव की शिकायत पर खंड विकास अधिकारी बनकटी और पूर्व में उपायुक्त श्रम रोजगार की ओर से मामले की जांच की गई। जांच में जॉबकार्ड धारक जगनरायन और उनकी पत्नी सरोज को नियमों के विपरीत अलग-अलग जॉबकार्ड जारी किए जाने की पुष्टि हुई। वित्त वर्ष 2020-21 में निर्धारित 100 दिन के बजाय 11 दिन अधिक रोजगार भी दिया गया। 204 रुपये प्रति मानव दिवस की दर से 2,244 रुपये का अतिरिक्त भुगतान पाया गया।
जांच के आधार पर तत्कालीन तकनीकी सहायक बृजेश कुमार पाठक और तत्कालीन ग्राम प्रधान राम उजागिर से 748-748 रुपये की वसूली के निर्देश दिए गए हैं। तकनीकी सहायक के एक माह के वेतन से दंडस्वरूप कटौती भी की जाएगी। पूर्व प्रधान से वसूली भू-राजस्व के बकाये की तरह की जाएगी। तत्कालीन सचिव हरिप्रकाश की मृत्यु हो चुकी है।