बस्ती। पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को बहु-बेटी सम्मेलन पर एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीआईजी संजीव त्यागी और एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन करके किया। संचालन महिला थानाध्यक्ष शालिनी सिंह ने किया।
इसमें सभी पुलिस सर्किल से सीओ, सभी पुलिस थानों से मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी एवं प्रत्येक मिशन शक्ति केंद्र से दो महिला पुलिस कार्मिकों सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, यूनिसेफ तथा दिशा संस्था की टीम ने हिस्सा लिया। मंडलीय बाल संरक्षण सलाहकार शैलेश प्रताप सिंह ने कार्यशाला की रूपरेखा को विस्तार से रखा। मुख्य अतिथि डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि परिक्षेत्र के समस्त जनपदों के सभी पुलिस थानों द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि बहु-बेटी सम्मेलन के माध्यम से समाज में लिंग भेदभाव को कम करने की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल सकता है। इस मौके पर एएसपी श्यामकांत, सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह समेत तमाम पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।