लोटन। कोतवाली क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में जमीन के विवाद में हुए संदीप यादव हत्याकांड के मामले में शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर जांच-पड़ताल की। गौरतलब है कि 22 दिन पहले हुई इस घटना को लेकर परिजनों व क्षेत्रीय लोगों ने लोटन चौराहे पर न्याय की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। उस दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ था। हालांकि, कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी कई आरोपी अब भी फरार हैं, जिससे पीड़ित परिवार में भय बना हुआ है।
परिजनों ने मुख्यमंत्री से शिकायत किए जाने के बाद शनिवार को एडीएम गौरव श्रीवास्तव और एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार कोल्हुआ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार के घर जाकर पूरे मामले की बारीकी से जानकारी ली तथा जमीन विवाद से जुड़े तथ्यों पर बातचीत की। मृतक संदीप यादव के पिता ने अधिकारियों से कहा कि उन्हें अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं, उनसे उनके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।