मतदाता सूची से आधार लिंक करने के लिए चलेगा अभियान
बस्ती। विधानसभा चुनाव की सूची में शामिल मतदाताओं से स्वैच्छिक रूप से उनके आधार नंबर लिए जाएंगे। यह आधार पर नंबर मतदाता सूची से लिंक होगा। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान पहली अगस्त से शुरू होगा। आधार नंबर को लेने का काम ऑनलाइन व ऑफलाइन होगा। ऑफलाइन नंबर देने के लिए मतदाताओं से एक फार्म छह ख भराया जाएगा।
यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम प्रियंका निरंजन ने दी। वह उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम अभय कुमार मिश्र के साथ कलेक्ट्रेट में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। डीएम ने बताया कि ऑफलाइन आधार नंबर जुटाने के लिए बीएलओ घर-घर जाकर फार्म छह ख प्राप्त करेंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए आयोग की तरफ से जल्द ही लिंक दिया जाएगा। आधार नंबर देने का कार्य पूरी तरह से स्वैच्छिक है। आधार नंबर का विवरण पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। इसका डाटा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की तरफ से डबल लॉक में सुरक्षित रखा जाएगा। डीएम ने स्पष्ट किया कि आधार नंबर के सहारे मतदाता सूची में संशोधन नहीं किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर आधार नंबर के लिए फार्म छह ख को एकत्र करेंगे। विशेष अभियान के तहत सात अगस्त व 21 अगस्त को मतदेय स्थलों पर शिविर लगेगा। इस कैंप में यदि कोई मतदाता अपने नाम को शामिल, हटाने व संशोधन कराना चाहता है तो उसे फार्म छह, सात व आठ भरना होगा।