बस्ती। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज राजभर के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित एवं अति दलित समाज के खिलाफ की जा रही कथित जातिसूचक, और आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष मनोज राजभर ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों के लिए संघर्ष करने वाले पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित एवं अति दलित समाज के लोगों के विरुद्ध कुछ राजनीतिक नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा कथित रूप से लगातार जातिसूचक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। कहा कि ऐसी टिप्पणियों से समाज के वंचित वर्गों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि किसी भी व्यक्ति को उसकी जाति के आधार पर अपमानित करना संविधान की मूल भावना, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव विनोद कुमार राजभर, बृजभूषण मिश्र, सुनील पांडेय, राजेश, दीपक, चतुर्भुजी पांडेय, रामललित चौधरी, राहुल पांडेय आदि मौजूद रहे।